मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से महज 100 मीटर दूर खुले नाले में गिरकर युवक की मौत
नाले में ढक्कन ना होने कारण हुआ हादसा
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम से एक दिन पूर्व कार्यक्रम स्थल से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर खुले नाले में गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ने प्रशासनिक तैयारियों और शहर में खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार को नेहरू नगर क्रॉसिंग के पास विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए गए नाले में एक साइकिल सवार युवक अचानक गिर गया। बताया जा रहा है कि नाले पर ढक्कन नहीं लगा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। युवक के नाले में गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना नाले में छलांग लगाकर पहले साइकिल को बाहर निकाला और फिर युवक को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जहां पूरा प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा हुआ था, वहीं कार्यक्रम स्थल के बेहद करीब हुई इस घटना ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुले नाले पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवा दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
वहीं, घटना को लेकर जिले के जिम्मेदार अधिकारी फिलहाल कुछ भी स्पष्ट बताने से बचते नजर आए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से ठीक पहले हुई इस घटना ने प्रशासनिक तैयारियों के बीच एक गंभीर सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि आखिर खुले नालों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभाग कब जागेंगे।.jpg)
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले दस वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय संजय मौर्य समाचार कवरेज और कंटेंट लेखन में अनुभव रखते हैं। ज़मीनी रिपोर्टिंग और खबरों की सटीक समझ के साथ वह लगातार काम करते रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
