सम्पूर्ण समाधान दिवस में 63 शिकायतें दर्ज, 4 का मौके पर निस्तारण
रामनाथ सिंह
बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में तहसील चांदपुर के डबाकरा हॉल में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान किया जाए। यदि किसी शिकायत का तत्काल निस्तारण संभव न हो, तो उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनसामान्य की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि वर्तमान एवं लंबित शिकायतों का निस्तारण पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी आख्या के साथ संलग्न करना अनिवार्य बताया।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र नागरिक को सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ मिले और कोई भी व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 63 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप जिलाधिकारी नितिन तेवतिया, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरपी विश्वकर्मा पुलिस क्षेत्राधिकारी देश दीपक सिंह तहसीलदार एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
