लखनऊ में गैंगस्टर एक्ट का 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
पुलिस को देखकर भागने लगा था आरोपी
लखनऊ। कैसरबाग पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सफेद बारादरी के पीछे से घेराबंदी कर दबोचा। आरोपी की पहचान मोहम्मद हासिम पुत्र मोहम्मद हसीब के रूप में हुई है। वह मड़ियांव थाना क्षेत्र के फैजुल्लागंज में जैनाब मस्जिद के पास का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त को कैसरबाग पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित मोहम्मद हासिम सफेद बारादरी के पीछे खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।पुलिस को देखते ही आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद हासिम पुत्र मोहम्मद हसीब बताया।
गैंगस्टर एक्ट में दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद हासिम के खिलाफ कैसरबाग थाने में मुकदमा संख्या 85/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाजविरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम-1986 की धारा 2(ब)(1) और 3(1) में मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में वह वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी के कारणों और उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे की जानकारी देते हुए नियमानुसार हिरासत में लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
चोरी-लूट की वारदातों में शामिल होने की बात कबूली
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गलत संगत में पड़कर चोरी और लूट जैसे गलत काम करने लगा था। उसने कहा कि इन गतिविधियों की वजह से अब उसे सामान्य रूप से काम-धंधा करने में भी दिक्कत हो रही है। आरोपी ने पुलिस से आगे गलत काम छोड़ने का मौका देने की बात भी कही।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं चार मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद हासिम के खिलाफ लखनऊ के अलग-अलग थानों में पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं।
कैसरबाग थाना: मु0अ0सं0 207/2025, धारा 303(2)/317(2) BNS
कैसरबाग थाना: मु0अ0सं0 211/2025, धारा 303(2)/317(2) BNS
हजरतगंज थाना: मु0अ0सं0 231/2025, धारा 303(2)/317(2) BNS
विकासनगर थाना: मु0अ0सं0 185/2025, धारा 305(A)/317(2) BNS
पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 24 वर्ष है और वह फैजुल्लागंज, मड़ियांव क्षेत्र का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
