लखनऊ। बाबूगंज स्थित रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज में गुरुवार को मेधावी छात्रों का उत्साह और सम्मान एक साथ देखने को मिला। आसरा वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 150 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दिया।
समारोह में 65 हाईस्कूल और 85 इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच पर जैसे ही विद्यार्थियों के नाम पुकारे गए, अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथि राजीव मिश्रा ने कहा कि अनुशासन ही सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जो छात्र अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदारी और मेहनत से आगे बढ़ता है, सफलता उसके कदम जरूर चूमती है।विशिष्ट अतिथि घनश्याम दास अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा इंसान के जीवन को नई दिशा देती है। उन्होंने छात्रों को सकारात्मक सोच और लगातार अध्ययन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में अभिलाषा कटिहार, प्रियंक गुप्ता, सूरज वर्मा और शुभम वर्मा ने छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। समारोह में मौजूद अभिभावकों ने भी बच्चों की उपलब्धियों पर खुशी जताई।इस दौरान सुदर्शन कटिहार, अनुराग साहू, संदीप वर्मा, राजीव कुमार यादव और राजीव गुप्ता समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।