रक्षाबंधन केवल एक त्यौहार नहीं भाई-बहन के पवित्र संबंधों का प्रतीक है - कीर्ति प्रकाश भारती
बस्ती - पवित्र पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में भाई-बहन के प्रेम, सामाजिक समरसता और आत्मीयता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, रामबाग की छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती को रक्षासूत्र (राखी) बांधकर उनके प्रति सम्मान, स्नेह एवं कृतज्ञता व्यक्त की। छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मीयता के साथ मुख्य राजस्व अधिकारी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने छात्राओं से राखी बंधवाने के उपरांत उन्हें स्नेहपूर्वक रक्षाबंधन के उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्यौहार नहीं, बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति, परंपरा, अटूट विश्वास और भाई-बहन के पवित्र संबंधों का प्रतीक है। यह पर्व समाज में आपसी सौहार्द और स्नेह का संदेश फैलाता है।
छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी ने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अपना एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं; वे शिक्षा, खेल, प्रशासन और विज्ञान हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। बेटियां शिक्षित और सशक्त होकर न केवल अपने परिवार का नाम रोशन करती हैं, बल्कि समाज और संपूर्ण राष्ट्र के विकास में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर रामबाग की छात्राएं अनुकृति सिंह, अन्विति सिंह, शांभवी, आराध्या मिश्रा, मानवी मिश्रा, अर्पिता पांडेय, उन्नति सिंह, हिमांशी तथा तान्या कसौधन ने मुख्य राजस्व अधिकारी को रक्षासूत्र बांधकर सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती नेहा पांडेय भी उपस्थित रहीं। कलेक्ट्रेट में आयोजित यह पूरा कार्यक्रम भाई-बहन के प्रेम, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश देने वाला रहा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
