अवैध शराब के अड्डों पर अब सात टीमों का शिकंजा, 10 दिन चलेगा ताबड़तोड़ अभियान
डीएम ने तहसीलवार गठित कीं संयुक्त प्रवर्तन टीमें, पुलिस-प्रशासन और आबकारी अधिकारी मिलकर करेंगे कार्रवाई; तस्करों से लेकर ओवररेटिंग और अवैध भंडारण तक पर रहेगी नजर
ललित वर्मा
लखीमपुर खीरी,09 सितंबर(तरुणमित्र)। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने अब आर-पार की कार्रवाई का खाका तैयार किया है। जिले में आठ से 17 सितंबर तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलेगा। इसके लिए सातों तहसीलों में प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। टीमें संदिग्ध ठिकानों, वाहनों, ढाबों और शराब की दुकानों पर एक साथ निगरानी और कार्रवाई करेंगी।
किस तहसील में कौन संभालेगा मोर्चा
सदर तहसील में उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर और आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 को जिम्मेदारी दी गई है। मोहम्मदी में एसडीएम मोहम्मदी, सीओ मोहम्मदी और आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 मोहम्मदी-खीरी टीम में रहेंगे। निघासन में एसडीएम निघासन, सीओ निघासन और आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 निघासन मोर्चा संभालेंगे। पलिया में एसडीएम पलिया, सीओ पलिया और आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 पलिया-खीरी की संयुक्त टीम बनाई गई है। गोला में एसडीएम गोला, सीओ गोला और आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 गोला-खीरी कार्रवाई करेंगे। मितौली में एसडीएम मितौली, सीओ मितौली और आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-6 मितौली-खीरी की टीम गठित की गई है। वहीं धौरहरा में एसडीएम धौरहरा, सीओ धौरहरा और आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-7 धौरहरा-खीरी संयुक्त रूप से अभियान चलाएंगे।
तस्करों की सूची तैयार, गैंगस्टर से होगी कार्रवाई
अभियान में पहले से अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त माफिया और तस्करों की सूची खंगाली जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ स्थानीय पुलिस के सहयोग से गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ लगातार निगरानी रखी जाएगी।
जंगल और सुनसान ठिकाने भी रडार पर
जिले में अवैध शराब के निर्माण और भंडारण वाले संभावित ठिकानों की तलाशी होगी। जंगल, नदी किनारे, निर्जन स्थान और दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित दुकानों पर विशेष निगाह रहेगी। जरूरत पड़ने पर ड्रोन से भी छापेमारी की जाएगी। संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग के साथ हाईवे और राज्य मार्गों के ढाबों पर भी जांच होगी।
ओवररेटिंग मिली तो दुकान पर भी कार्रवाई
अभियान में शराब की दुकानों, मॉडल शॉप और कैंटीनों की जांच भी होगी। निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायत मिलने पर संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। शिकायत सही पाए जाने पर विक्रेता और अनुज्ञापन के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अवैध शराब की बिक्री के साथ तीव्रता के ट्रेटा पैक को काटकर बिक्री और ओवररेटिंग जैसे मामलों की भी जांच होगी। दुकानों के स्टॉक, बार कोड और क्यूआर कोड की सघनता से जांच कराई जाएगी। दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रियल टाइम मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुखबिर तंत्र होगा मजबूत, सूचना देने वालों को मिलेगी पहचान की सुरक्षा
अभियान के दौरान अवैध शराब के अड्डों की सूचना जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया जाएगा। शासन स्तर पर जारी टोल फ्री नंबर 14405 और व्हाट्सऐप नंबर 9454466019 का प्रचार-प्रसार कर लोगों से सूचना देने की अपील की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
