गुरदासपुर: जमीनी विवाद के चलते व्यक्ति ने परिजनों की हत्या कर खुद की आत्महत्या
चंडीगढ़। पंजाब के सीमावर्ती जिला गुरदासपुर में जमीनी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने तीन परिजनों की गोली मारकर हत्या कर दी व खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
घटना मंगलवार देर रात बटाला के गांव मुंडी कराल में हुई। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों में आरोपित की चाची, चचेरा भाई तथा एक दोस्त शामिल है।
जानकारी के अनुसार बटाला के थाना सेखवां के अंतर्गत आने वाले गांव मुंडी कराल निवासी मनजोत सिंह का अपने ही परिवार के साथ जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था।
मंगलवार देर रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि मनजोत गुस्से में आ गया। उसने घर में रखी बंदूक उठा ली। मनजोत ने सबसे पहले कमरे में काम कर रही अपनी सगी चाची हरजीत कौर पर गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद उसने अपने महज 12 साल के मासूम चचेरे भाई हरी अमृतपाल सिंह को भी गोली मार दी। इन दोनों की लाशें घर के आंगन और कमरे में पड़ी मिलीं।
गोलियों की आवाज और चीख-पुकार सुनकर मनजोत का दोस्त परगट सिंह मौके पर पहुंचा। परगट सिंह भारतीय सेना का जवान था।
उसने मनजोत को रोकने की कोशिश की तो मनजोत ने अपने फौजी दोस्त को भी घर के बाहर दौड़ाकर गोली मार दी। पुलिस को उसकी लाश घर के बाहर मौजूद झाड़ियों में पड़ी मिली है।
तीन कत्ल करने के बाद आरोपित मनजोत सिंह अपने घर की रसोई में गया और वहां उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसके हाथ में पिस्टल लगी हुई थी।
तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही बटाला एसपी सिटी सुखिंदर सिंह और थाना सेखवां के प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल से सैंपल लिए हैं।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल बटाला के डेड हाउस में रखवा दिया है। बुधवार को शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। गांव में चार मौतों के बाद तनाव की स्थिति बन गई है। जिसके चलते पुलिस बल को तैनात किया गया है।
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
