भीषण सड़क हादसा: ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार एक्सयूवी, पांच युवकों की मौत
मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देररात नेशनल हाइवे-30 पर हुए सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा नादन देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास देररात करीब 2 बजे हुआ। तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी-700 आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर में एसयूवी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह युवक वाहन के अंदर फंस गए।
सूचना मिलते ही डायल-112, हाइवे पेट्रोलिंग और नादन देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी युवकों को वाहन से बाहर निकाला गया।
इनमें पांच की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक को अमरपाटन सिविल अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए सतना रेफर किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी युवक अमरपाटन जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। हादसे ने कुछ ही पलों में जश्न की खुशियों को मातम में बदल दिया।
पुलिस ने मृतकों की पहचान अंकुर पटेल (40) पुत्र गोविंद पटेल, मृदुल पटेल (32) पुत्र महेंद्र पटेल, विजय पटेल (30) पुत्र नागेंद्र पटेल, हरीशंकर पटेल (25) पुत्र नागेंद्र पटेल और शिवा पटेल (23) पुत्र संजू पटेल के रूप में की है।
चार युवक मैहर जिले के तनाजा के रहने वाले थे, जबकि शिवा पटेल नरोरा गांव के थे। हादसे में ओम पटेल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जान गंवाने वाले सभी युवक पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी भाई पटेल और पूर्व कांग्रेस विधायक स्वर्गीय मथुरा पटेल के परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं।
अंकुर पटेल खेती के साथ व्यवसाय करते थे। मृदुल पटेल वेयरहाउस का संचालन करते थे। विजय पटेल जबलपुर में नौकरी करते थे। हरीशंकर पटेल खेती करते थे। संजीव पटेल नौकरी करते थे।
ट्रक चालक चितरंजन दास चंदेल के अनुसार, ट्रक लगभग 40-45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा था। अचानक पीछे से तेज गति से आ रही एक्सयूवी ट्रक में आकर भिड़ गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक के पीछे के दोनों टायर क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि वाहन पलटने से बच गया।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सामने चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी नहीं बनाए जाने को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
हादसे के बाद हाइवे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। नादन देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
रात्रि गश्त के लिए तैनात पुलिस कर्मी केशरी प्रसाद ने बताया "112 और रात्रि पेट्रोलिंग के माध्यम से सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पुलिस बल और नेशनल हाइवे 30 की पेट्रोलिंग की सहायता से रेस्क्यू किया गया।"
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
