हरदा में 12 घंटे बाद खत्म हुआ किसानों का चक्काजाम, प्रशासन के आश्वासन पर बहाल हुआ नेशनल हाईवे
हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी, खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने और फसल बीमा सहित विभिन्न मांगों को लेकर आम किसान यूनियन द्वारा बुधवार सुबह से इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-47) पर शुरू किया गया चक्काजाम देर रात 12 बजे समाप्त हो गया। प्रशासन की ओर से मांगों पर सकारात्मक पहल के आश्वासन के बाद किसानों ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।
आंदोलन के दौरान किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन से मुलाकात कर अपनी प्रमुख मांगों पर विस्तृत चर्चा की। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि किसानों की मांगों को कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और राज्य शासन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री से किसान प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का भी आश्वासन दिया गया।
ये खबर भी पढ़े : अदाणी समूह की डिफेंस परियोजना से शिवपुरी को नई पहचान, 2030 तक 1.2 लाख रोजगार का लक्ष्यआम किसान यूनियन के सदस्य दिनेश लेगा ने बताया कि प्रशासन के लिखित और मौखिक आश्वासन के बाद एनएच-47 पर चल रहा अनिश्चितकालीन चक्काजाम स्थगित कर दिया गया है। करीब 12 घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण इंदौर-नागपुर फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि आंदोलन समाप्त होने के बाद देर रात से आवागमन सामान्य हो गया। इस आंदोलन को जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे बड़ी संख्या में किसानों का समर्थन मिला। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
