पद को लेकर विवाद में खूनी खेल, उज्जैन में दो की हत्या
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के कानीपुरा स्थित लक्की दरबार ढाबे पर बुधवार देर रात करणी सेना से जुड़े दो गुटों के बीच पद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया।
तलवार और डंडों से हुए हमले में 2 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उज्जैन जिले के चिमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कानीपुरा स्थित 'लक्की दरबार' ढाबे पर बुधवार रात करीब 2 बजे करणी सेना से जुड़े दो गुट आपस में भिड़ गए। संगठन में पद को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल नीमनवासा निवासी राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप (42) की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके साथी उंडासा निवासी जितेंद्र पवार (35) का शव ढाबे के पास झाड़ियों से बरामद हुआ।
अस्पताल में भर्ती घायल श्रवण के बयानों के अनुसार, ढाबे पर शक्ति सिंह और राहुल दरबार के बीच संगठन के पद को लेकर कहासुनी हुई थी। शुरुआती विवाद को वहां मौजूद लोगों ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया था।
आरोप है कि इसके बाद शक्ति सिंह ने सोनू नाम के व्यक्ति को फोन करके अपने 12 से 15 हथियारबंद साथियों को ढाबे पर बुला लिया।
घात लगाकर पहुंचे हमलावरों ने तलवारों, डंडों और धारदार हथियारों से दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया और ढाबे के बाहर खड़ी गाड़ियों के शीशे भी तोड़ डाले। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।
घायलों के बयानों और ढाबे के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
