आज 34 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी, 6 में ओले गिरने का अनुमान, 7 मई तक रहेगा असर
भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले चार दिनों से तेज गर्मी की जगह आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार यह बदला हुआ मौसम अभी कुछ और दिन बने रहने वाला है।
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 34 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 6 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और रीवा में आज ओले गिर सकते हैं। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना और दमोह में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है।
इस दौरान आंधी की रफ्तार 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं, जिसके कारण यह मौसम बन रहा है। कई इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है और यह स्थिति 7 मई तक बनी रह सकती है।
आमतौर पर मई महीने में भीषण गर्मी देखने को मिलती है, लेकिन इस बार इसकी शुरुआत ही आंधी और बारिश के साथ हुई है। अगले चार दिनों तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बना रहने की संभावना जताई गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।
