लूटपाट के दो आरोपित गिरफ्तार...
पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के परसुडीह थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक से लूटपाट की घटना को पुलिस ने महज दो घंटे में सुलझा लिया और दो आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना में लूटा गया सामान बरामद कर लिया। रविवार देर रात परसुडीह प्रमथनगर निवासी अनुप कुमार मंडल से बदमाशों ने मारपीट कर पर्स, मोबाइल, नकद रुपये और बाइक की चाबी लूट ली थी। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपियों, बागबेड़ा नया बस्ती निवासी भरत सिंह और रोहित मछुआ उर्फ रोहित नायक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी, लूटा गया मोबाइल फोन, पर्स समेत सभी दस्तावेज, 1200 रुपये नकद और बाइक की चाबी बरामद की। सोमवार को डीएसपी (विधि-व्यवस्था) तौकीर आलम ने बताया कि रोहित मछुआ पर बागबेड़ा और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में कई संगीन मामले दर्ज हैं, जबकि भरत सिंह पर आदित्यपुर में चोरी का मामला दर्ज है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहम्मद फैज अहमद, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, बिरेन्द्र कुमार सिंह, रितेश कुमार, हिरालाल तुबौद, संदीप कुमार सिंह, संतोष कुमार विश्वकर्मा और मुरलीधर महतो शामिल थे।
टिप्पणियां