जमीन हड़पने की नीयत से देवर की गला दबाकर हत्या, मां-बेटा गिरफ्तार
गढवा। जमीन के विवाद में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। गढवा जिले के डंडई थाना क्षेत्र के करके गांव स्थित यादव टोला में जमीन हड़पने की नीयत से भतीजे ने अपनी मां के साथ मिलकर सगे चाचा की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को मकई के खेत में फेंक दिया।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुये आरोपित भतीजे और उसकी मां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बुधवार को एसडीपीओ दिलू लोहार ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। एसडीपीओ ने बताया कि 24 अगस्त को पुलिस को मकई के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रजिन्द्र यादव उर्फ बुगी के रूप में की। शव के सिर के पीछे और पैर में चोट के निशान मिले।
पोस्टमार्टम के बाद मृतक के साला बिगन यादव के बयान पर डंडई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना के उद्भेदन के लिये एसपी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल गठित किया गया।
जांच में मृतक का अपने बड़े भाई कन्हाई यादव, भतीजे मुन्नू यादव और भाभी मिला देवी के साथ जमीन को लेकर विवाद सामने आया।
पुलिस ने 25 अगस्त को मृतक के 20 वर्षीय भतीजे मुन्नू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चाचा जमीन का बंटवारा किये बिना उसे बेच रहे थे।
चाचा की दो बेटियां होने के कारण जमीन हड़पने की नीयत से उसने हत्या की और मां मिला देवी के सहयोग से शव को खेत में फेंक दिया।
मुन्नू की निशानदेही पर पुलिस ने खेत से मृतक का एचएमडी कंपनी का की-पैड मोबाईल बरामद किया। आरोपित का मोबाइल भी जब्त किया गया। मुन्नू यादव और उसकी मां मिला देवी (41) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, डंडई थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी, श्रीकांत कुमार, नवीन कुमार राणा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
