भाजपा विधायक सहित परिवार के 09 लोगों पर हत्या का केस दर्ज
साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी
दुमका। जरमुंडी से भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के नोनीहाट डाक बंगला के रसोइए की संदिग्ध मौत के मामले में हंसडीहा थाना पुलिस ने विधायक सहित उनके परिवार के 09 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
सोमवार देर शाम विधायक के आवास में खाना बनाने वाले 30 वर्षीय सोनू राउत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस ने उसका शव कमरे में पंखे से लटका हुआ बरामद किया था।
परिजनों ने शव पर कई जगह चोट के निशान होने का भी दावा किया है। मृतक के परिजनों ने विधायक देवेंद्र कुंवर सहित उनके परिवार के 09 सदस्यों पर सोनू की हत्या कर शव को पंखे से लटकाने का आरोप लगाया है।
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार भी घटनास्थल का जायजा लिया।
वहीं, मामले की जांच के लिए पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस टीम ने कमरे और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की।
वहीं, विधायक की बेटी ने मृतक के परिजनों की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
एसपी ने बताया कि जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
