JSCB घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, झारखंड-ओडिशा में छापा
रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रांची क्षेत्रीय कार्यालय ने झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक (जेएससीबी) से जुड़े करोड़ों रुपये के घोटाले में शुक्रवार को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 17 के तहत बड़ी कार्रवाई की है।
जांच एजेंसी की टीमें झारखंड और ओडिशा में कुल सात ठिकानों पर एक साथ तलाशी और जब्ती अभियान चला रही हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक की सरायकेला शाखा में हुए बड़े वित्तीय फर्जीवाड़े की चल रही जांच के सिलसिले में की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि कारोबारी संजय कुमार डालमिया ने जेएससीबी के तत्कालीन बैंक अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर बैंक के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
ईडी की यह छापेमारी कारोबारी संजय डालमिया और तत्कालीन बैंक अधिकारियों से जुड़े आवासीय तथा व्यावसायिक परिसरों पर केंद्रित है।
तलाशी के दौरान एजेंसी वित्तीय अनियमितताओं, अवैध लेनदेन, फंड डायवर्जन और संपत्तियों के अधिग्रहण से जुड़े अहम दस्तावेजों व डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है।
एजेंसी मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका और अपराध की आय (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) से अर्जित संपत्तियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
