मनूनी खड्ड में आई बाढ़ में लापता नौ लोगों में से दो के शव बरामद
धर्मशाला। भारी बारिश ने जिला कांगड़ा के मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते खनियारा की मनूनी खड्ड में आई बाढ़ की चपेट में फिलहाल नौ मजदूरों के बह जाने की सूचना मिली है। इस हादसे में अभी तक दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। उक्त दोनों व्यक्तियों की पहचान हो गई है जिनमें एक अभिषेक चंबा जिला से है जबकि दूसरा चैन सिंह जम्मू के डोडा क्षेत्र से संबंध रखता है। वहीं लापता अन्य सात लोगों को खोजने के लिए बीती रात से ही युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला हुआ है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि बाढ़ की चपेट में और भी कई लोग आए हुए हो सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, एक व्यक्ति को अपनी जान बचाने के प्रयास में जंगल की ओर भागते हुए देखा गया, जिसे खोजने के लिए एक विशेष टीम को जंगल की ओर रवाना कर दिया गया है। सुरक्षा के दृष्टिगत पावर प्रोजेक्ट में कार्यरत बाकी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। जिला प्रशासन पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। लापता व्यक्तियों की खोज के लिए सर्च ऑपरेशन को और अधिक तेज कर दिया गया है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार युद्धस्तर पर जारी है। घटनास्थल पर राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की दो टुकड़ियाँ तथा होम गार्ड की एक टीम तैनात है और निरंतर सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। बुधवार देर रात घटनास्थल पर उपायुक्त कांगड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उपमंडलाधिकारी धर्मशाला एवं तहसीलदार, थाना प्रभारी स्वयं उपस्थित रहे और स्थिति की प्रत्यक्ष निगरानी करते है।
उधर स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा भी मौके पर पहुंचे हुए हैं। उपायुक्त कांगड़ा हेम राज बैरवा ने बताया कि संपूर्ण सर्च ऑपरेशन का संचालन जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र कांगड़ा से किया जा रहा है, जिसकी कमान एडीएम कांगड़ा के पास है। एक अतिरिक्त बैकअप टुकड़ी, जिसमें पुलिस एवं एसडीआरएफ के कर्मी शामिल हैं, को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। साथ ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की एक टुकड़ी को भी राहत एवं बचाव कार्य में सहायता हेतु बुलाया गया है।
टिप्पणियां