कलेक्टर-एसएसपी ने यातायात नियमों की जानकारी देने ईव्ही पेट्रोलिंग वाहन को दिखाई हरी झंड़ी
रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए जनजागरुकता अभियान के तहत 3 व्हीलर इलेक्ट्रिक ट्रैफिक पेट्रोलिंग वाहन को कलेक्टर गौरव कुमार और एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह द्वारा गुरुवार को कलेक्टर परिसर से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। यह पेट्रोलिंग वाहन शहर के प्रमुख मार्गों के साथ ही साथ शहर की गलियों में भी जाकर यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी कार्रवाई करेगी उल्लेखनीय है कि रायपुर पुलिस द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था के सुगम संचालन एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु लगातार स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थाओं एवं औद्योगिक क्षेत्रों में जाकर लोगों को यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए वाहन चालन के दौरान नियमों का पालन करने जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में अब एक नई पहल जोड़ी गई है, जिसके तहत यातायात पुलिस द्वारा अब शहर के प्रमुख मार्गो के साथ ही साथ शहर की गलियों में भी जाकर यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी कार्रवाई करेगी, जिसके लिए आम नागरिकों को वाहन चालन के दौरान नियमों का पालन कर वाहन चलाने के लिए छत्तीसगढ़ की ईव्ही 3-व्हीलर कंपनी जीके इलेक्ट्रिक के सहयोग से ईव्ही ट्रैफिक पेट्रोलिंग तैयार किया है, जिसमें यातायात नियमों से संबंधित सचित्र स्लोगन लगाया गया है, साथ ही पीए सिस्टम के माध्यम से यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार की सुविधा भी दी गई है। इस दौरान कलेक्टर गौरव कुमार ने स्वयं ई-रिक्शा चलाकर लोगों से वाहन चालन के दौरान यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने भी वाहन चालकों से नियमों का पालन कर वाहन चलाने की अपील की गई। इस दौरान ईव्ही 3-व्हीलर कंपनी जीके इलेक्ट्रिक ग्रुप के डायरेक्टर पुनीत परवानी एवं अमर परवानी के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. प्रशांत शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर सतीश कुमार ठाकुर एवं गुरजीत सिंह, थाना प्रभारी यातायात तेलीबांधा निरीक्षक विशाल कुजूर उपस्थित रहे।
टिप्पणियां