पोस्टमार्टम में खुला हत्या का राज: शराब से मौत बताकर किया गुमराह, आरोपी गिरफ्तार
पति ने पूछताछ में कबूली हत्या की बात
गुरुग्राम। बादशाहपुर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को बादशाहपुर सब्जी मंडी के पास बनी झुग्गियों में एक महिला तलमई का शव मिला था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
महिला के पति दिनेश ने पुलिस को बताया कि वह और उसकी पत्नी दोनों शराब पीते थे। घटना वाले दिन पत्नी ने ज्यादा शराब पी ली थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम में खुला हत्या का सच
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला दबाने और दम घुटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने दिनेश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि घटना वाले दिन शराब के नशे में खाना बनाने को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। गुस्से में आकर उसने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी।
आरोपी दिनेश मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला है और पत्नी के साथ बादशाहपुर की झुग्गियों में किराए पर रह रहा था पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
