इफ्को की डीलरशिप देने के नाम पर 45 लाख की ठगी, केस दर्ज
फतेहाबाद। इफ्को की डीलरशिप देने के नाम पर एक व्यक्ति से 45 लाख से अधिक की ठग लेने का मामला सामने आया है। इस मामले में शुक्रवार को साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव धारसूल कलां निवासी होशियार सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। उसने मई 2023 में फेसबुक पर इफको कम्पनी की डीलरशिप का विज्ञापन देखा, जिसमें वेबसाइट पर आवेदन भेजने बारे लिखा था। इस पर उसने जुलाई 2023 में इस साइट पर अपना आवेदन भेज दिया था। इसके बाद मई 2025 तक उसके पास इस सम्बंध में कोई फोन नहीं आया और न ही कोई पत्राचार आया। मई 2025 में उसके मोबाइल पर फोन आया और फोन करने वाले ने खुद को आकाश दीक्षित, चीफ मैनेजर, इफ्को सदन, साकेत पैलेस नई दिल्ली बताया। उसने कहा कि यदि उसे इफ्को की डीलरशिप चाहिए तो एक लाख रुपये बैंक ऑफ महाराष्ट्रा में जमा करवाने होंगे। इस पर उसने 9 मई 2025 को बताए गए खाते में एक लाख रुपये आरटीजीएस कर दिए। इसके बाद उसे ईमेल पर इफ्को डीलरशिप लाइसेंस लैटर भेज दिया। इसके बाद उसे डीलरशिप कर एनओसी जारी करने, लाइसेंस, सिक्योरिटी राशि और माल सप्लाई के नाम पर उससे कुल 45 लाख 38 हजार 345 रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने उससे सप्लाई एडवांस के नाम पर और रुपये की मांग की। इस पर उसे अपने साथ धोखाधड़ी की आशंका हुई तो उसे अपने स्तर पर इफ्को में पता किया तो उसे पता चला कि यह सब फर्जी है। उसके साथ इफ्को डीलरशिप के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। इस पर उसने इस बारे पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में अब साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी बारे केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टिप्पणियां