फालूदा के पैसे मांगने पर फायरिंग से राहगीर को लगी गोली, दो आरोपित गिरफ्तार
फिरोजाबाद। थाना सिरसागंज क्षेत्रान्तर्गत टोल प्लाजा के पास फालूदा के पैसे मांगे तो फायरिंग कर दी। गोली लगने से राहगीर घायल हो गया। पुलिस ने दो अभियुक्तों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाईसेन्सी पिस्टल बरामद की है। थाना सिरसागंज क्षेत्र में गुराऊ टोल प्लाजा के पास 12 जून को कार सवार दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अजीत सिंह पुत्र माधव सिंह ग्राम गुराऊ थाना सिरसागंज से फालूदा खाने के बाद रूपयों को लेकर हुए विवाद के कारण गाली गलौज करते हुए उसके ऊपर लांइसेन्सी पिस्टल से जान से मारने की नीयत से फायर किया था। जिसमें वह बाल बाल बच गए तथा राह चलते एक व्यक्ति राहुल चौधरी निवासी जनपद मथुरा को गोली लगने से वह घायल हो गया था। पीड़ित अजीत सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर थाना सिरसागंज पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित द्वारा घटना के खुलासे व अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। थाना सिरसागंज प्रभारी वैभव कुमार सिंह शुक्रवार को पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे तभी उन्होंने घटना के प्रकाश में आये अभियुक्तगण अनुज पुत्र रामस्वरुप निवासी जसवन्त नगर थाना जसवन्त नगर जनपद इटावा, हरिशंकर पुत्र शिवकुमार सिंह निवासी ग्राम बिलासपुर थाना जसवन्त नगर जनपद इटावा को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाईसेन्सी पिस्टल व कार बरामद की है।
टिप्पणियां