कोरबा के बांगो बांध में बढ़ा जलस्तर, पांच गेट खोले गए
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित मिनीमाता बांगो बांध में लगातार बढ़ रही पानी की आवक के चलते जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
गुरुवार सुबह 4:30 बजे बांध का जलस्तर 358.77 मीटर दर्ज किया गया, जो 94.65 प्रतिशत जलभराव के बराबर है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बांध की सुरक्षा और पानी के प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए सुबह 5 बजे पांच गेटों की ओपनिंग बढ़ाई गई है।
जल संसाधन विभाग से आज सुबह मिली जानकारी के अनुसार, बांध के गेट क्रमांक 4 को 0.70 मीटर, गेट क्रमांक 5 को 0.80 मीटर, गेट क्रमांक 6 को 1.00 मीटर, गेट क्रमांक 7 को 0.80 मीटर तथा गेट क्रमांक 8 को 0.70 मीटर खोला गया है। इन पांचों गेटों की कुल ओपनिंग 4.00 मीटर है।
वहीं गेट क्रमांक 1, 2, 3, 9, 10 और 11 बंद हैं। वर्तमान में रेडियल गेटों के माध्यम से 22,529 क्यूसेक तथा पावर प्लांट हाइडल के जरिए 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस प्रकार मिनीमाता बांगो बांध से कुल 31,529 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
बांध में पानी की आवक भी अधिक बनी हुई है। सुबह के समय बांध में 51,331 क्यूसेक Inflow दर्ज किया गया है। बढ़ते जलस्तर और पानी की आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा बांध की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्रमांक-3, माचाडोली के कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार भारती ने बताया कि बांध में पानी की आवक और जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
वर्तमान स्थिति को देखते हुए पानी के प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए पांच गेट खोले गए हैं। आवश्यकता और जलस्तर की स्थिति के अनुसार आगे और गेट भी खोले जा सकते हैं। विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल रेडियल गेटों और हाइडल पावर प्लांट के माध्यम से कुल 31,529 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
