रुद्री टैक्सी स्टैंड बचाने सड़कों पर उतरे चालक, कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
धमतरी । ग्राम रुद्री चौक स्थित टैक्सी स्टैंड को यथावत रखने अथवा वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सोमवार को छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ जिला धमतरी के बैनर तले बड़ी संख्या में वाहन चालक एवं परिचालक जनपद कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर पहुंचे। इस दौरान चालकों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
महासंघ ने बताया कि रुद्री चौक स्थित शासकीय भूमि पर पिछले लगभग 18 से 20 वर्षों से टैक्सी स्टैंड संचालित किया जा रहा है, जो करीब 120 चालक परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। साथ ही यह स्टैंड क्षेत्र के लोगों को सुगम परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराता है। चालक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उक्त भूमि पर व्यवसायिक परिसर निर्माण की योजना के चलते टैक्सी स्टैंड को हटाए जाने की आशंका है, जिससे सैकड़ों लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है। महासंघ का कहना है कि पूर्व में भी प्रशासन एवं सिंचाई विभाग को पत्र भेजकर भूमि आवंटन अथवा वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रस्तावित व्यवसायिक परिसर के समीप ही टैक्सी स्टैंड के लिए पर्याप्त स्थान आरक्षित किया जाए अथवा आसपास किसी उपयुक्त स्थल का आवंटन किया जाए, ताकि चालक परिवारों की आजीविका प्रभावित न हो। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डोमेश्वर साहू, सचिव श्याम साहू, अमन साय, प्रीन साय, भूपेन्द्र साहू, नरेन्द्र कुमार, भोतीराम साय, हरिभ साहू, संतोष, भागवत माऊ, चेकश्वर साय, बिलक राम साहू, दिनेश साहू, पुनील राम घिन्टा, चंदनलाल, लिलेश्वर, मोहित राम साहू, गणेश राम, विनोद साय, भानुराम साय, केशर चौधरी, भीम शंकर यादव, विकास मानिकपुरी, अजय निषाद, हरिशचन्द्र निषाद, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में चालक एवं महासंघ के पदाधिकारी उपस्थित थे
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुधा जायसवाल ने मास कम्युनिकेशन एवं पत्रकारिता (MJMC) में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की है और पत्रकारिता क्षेत्र में 12 वर्षों से सक्रिय हैं। वह अमर उजाला, स्वतंत्र भारत, जनसंदेश टाइम्स और तरुण मित्र जैसे संस्थानों में कार्य कर चुकी हैं। राजनीतिक, शिक्षा और नगर निगम सहित विभिन्न बीट्स पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाली सुधा वर्तमान में तरुण मित्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई हैं।
