कोलासी में मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर करीब 3 लाख के मोबाइल ले उड़े चोर
कोढ़ा प्रखंड के कोलासी बाजार में चोरों ने मोबाइल दुकान को बनाया निशाना, दुकान के पीछे से सेंध लगाकर वारदात को दिया अंजाम
कोलासी, कटिहार। कोढ़ा प्रखंड के कोलासी बाजार में चोरों ने एक मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर करीब तीन लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन चोरी कर लिए। घटना कोलासी बाजार से सिमरिया की ओर जाने वाली सड़क स्थित तनवीर आलम की मोबाइल दुकान में हुई। चोरी की इस घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार, तनवीर आलम प्रत्येक दिन की तरह रात करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे।
सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। दुकान में रखे कई मोबाइल फोन गायब थे। इसके बाद उन्होंने दुकान के पीछे जाकर देखा तो वहां चोरों द्वारा सेंधमारी किए जाने के निशान मिले।चोर दुकान में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किए और दुकान में रखे मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद दुकान के पीछे मोबाइल के खाली डिब्बे भी फेंके हुए मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने मोबाइल निकालकर उनके डिब्बे वहीं छोड़ दिए और मोबाइल लेकर फरार हो गए। दुकानदार तनवीर आलम ने तत्काल घटना की सूचना कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार को मोबाइल फोन के माध्यम से दी। सूचना मिलते ही श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुकान तथा आसपास के इलाके का मुआयना किया। पुलिस ने चोरी की घटना से संबंधित जानकारी दुकानदार से ली तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार ने दुकानदार को घटना के संबंध में लिखित आवेदन देने को कहा है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इधर, कोलासी बाजार में दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के मोबाइल चोरी किए जाने की घटना से स्थानीय दुकानदारों में चिंता बढ़ गई है।
दुकानदारों ने बाजार क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किए जाने की उम्मीद है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
