समेली प्रखंड स्थापना दिवस समारोह में सुतारा में ही मिशन स्कूल का शानदार प्रदर्शन
उत्कृष्ट प्रस्तुति पर हुए सम्मानित
- छात्र-छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीता
समेली, कटिहार। समेली प्रखंड मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को 33वां प्रखंड स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रखंड के आठ विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में सुतारा मेंही मिशन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भारतीय सैनिकों को समर्पित भावपूर्ण थीम डांस प्रस्तुत कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। देशभक्ति से ओतप्रोत इस प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने तथा विश्व शांति और मानवता का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को भावुक कर दिया तथा पूरे परिसर में देर तक तालियां गूंजती रहीं।
ये खबर भी पढ़े : 'मन की बात' जनभागीदारी का सशक्त माध्यम, विकसित भारत के संकल्प को मिल रही नई ऊर्जा : नितिन नवीनविद्यालय के बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रस्तुति को देखते हुए उन्हें मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। बच्चों की इस उपलब्धि ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया। समारोह में बरारी विधायक विजय सिंह निषाद, एडीएम विनोद कुमार, डीडीसी अमित कुमार, प्रखंड प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के निदेशक प्रभात कुमार सिंह, निर्देशिका पूनम प्रभात एवं प्राचार्य सत्यजीत सिंह ने सम्मानित हुए छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय हमेशा बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों और अभिभावकों को भी इस उपलब्धि का श्रेय दिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
