मुजफ्फरपुर में चार हजार डायजेपाम इंजेक्शन जब्त, अंतरजिला गिरोह के चार तस्कर गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने 4 हजार डायजेपाम इंजेक्शन बरामद किए हैं। इस मामले में अंतरजिला गिरोह से जुड़े चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने इंजेक्शनों से लदे एक वाहन को भी जब्त किया है। मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों और ड्रग इंस्पेक्टर को दे दी गई है तथा पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप लेकर कुछ लोग रक्सौल की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर माधौल फोरलेन के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान एक संदिग्ध सुमो वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई, तो वाहन से 4 हजार डायजेपाम इंजेक्शन बरामद हुए। मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रक्सौल निवासी मो. सलीम और सोनू कुमार तथा पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र निवासी चूमन राम और मो. आजाद के रूप में हुई है। सभी आरोपितों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पटना के बोरिंग कैनाल रोड इलाके में रहने वाले हरि नामक व्यक्ति ने उन्हें यह खेप सौंपी थी। इंजेक्शनों को रक्सौल पहुंचाना था, जहां से उन्हें नेपाल भेजे जाने की योजना थी। हालांकि मुजफ्फरपुर में ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया कि इस काम के बदले उन्हें कुल 10 हजार रुपये मिलने वाले थे। पुलिस अब इस खुलासे के आधार पर सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपित चूमन राम ने एक महत्वपूर्ण खुलासा करते हुए बताया कि वह इससे पहले भी तीन बार बड़ी मात्रा में इंजेक्शनों की खेप नेपाल पहुंचा चुका है। इस बयान के बाद पुलिस को नेपाल तक फैले एक संगठित तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लायरों और मास्टरमाइंड की पहचान करने में जुटी हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को भी दी है। वहीं, ड्रग इंस्पेक्टर की टीम बरामद इंजेक्शनों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े : प्रत्येक बुधवार को होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक आज, बड़े प्रस्ताव पर मुहर लगायेगी सरकार
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
