विकास और कानून व्यवस्था पर डीएम व एसएसपी ने पत्रकारों से किया संवाद
जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने सभी आगतों के प्रति व्यक्त किया आभार
गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब द्वारा शुक्रवार को प्रेस क्लब सभागार में "प्रेस से मिलिए" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय "विकास एवं कानून व्यवस्था" रहा, जिसमें जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ तथा पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार मृत्युंजय शंकर सिन्हा ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेस क्लब की कार्यकारिणी द्वारा अतिथियों का बुके देकर स्वागत करने के साथ हुआ। पूर्व अध्यक्ष एस.पी. सिंह एवं पूर्व उपाध्यक्ष अजीत यादव ने जिलाधिकारी दीपक मीणा को अंगवस्त्र भेंट किया, जबकि पूर्व अध्यक्ष डॉ. अरविंद राय एवं वरिष्ठ पत्रकार शेष नारायण पांडेय ने उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ को वरिष्ठ पत्रकार सतीश पांडेय एवं टी.पी. शाही ने अंगवस्त्र तथा वरिष्ठ पत्रकार नवनीत त्रिपाठी एवं शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने स्मृति चिन्ह भेंट किया। उपस्थित पत्रकारों ने अतिथियों को रोज स्टिक देकर उनका स्वागत किया।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि गीडा क्षेत्र में अनेक उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं और भविष्य में और भी उद्योग आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है तथा कई परियोजनाओं का शीघ्र लोकार्पण होगा। बढ़ती आबादी और बाहरी लोगों के आगमन से शहर पर बढ़ रहे दबाव को देखते हुए सड़क विस्तार आवश्यक है। उन्होंने विरासत गलियारा, गोडधोइया नाले के निर्माण कार्य तथा अन्य छोटे-बड़े विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चार-पांच वर्षों में गोरखपुर में उल्लेखनीय विकास हुआ है और आने वाले समय में यह गति और तेज होगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि उनकी प्रारंभिक नियुक्ति गोरखपुर में ही रही है और उन्होंने शहर के विकास को करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि जहां पहले दो लेन की सड़कें थीं, वहीं अब कई सड़कें छह लेन तक विस्तारित हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पहले कई थाना क्षेत्रों में एक ही दिन में कई हत्या की घटनाएं दर्ज होती थीं, लेकिन अब अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण स्थापित हुआ है। साइबर अपराधों पर भी अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आत्महत्या और सड़क दुर्घटनाओं जैसे मामलों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक देखने को मिल रही है, जिन्हें रोकने के लिए पत्रकारों और समाज के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में यातायात व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। हालांकि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण यातायात प्रबंधन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आम लोगों की सहभागिता भी आवश्यक है। लोगों को हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए, वाहनों को निर्धारित स्थान पर पार्क करना चाहिए तथा यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस द्वारा समय-समय पर की जाने वाली चालान कार्रवाई का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है। अन्त में गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने सभी आगतों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों के जवाब भी दिए।
ये खबर भी पढ़े : चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के सीयू स्कॉलर्स समिट 2026 का भव्य समापन, 1500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मानइस अवसर पर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष धनेश कुमार, मंत्री पंकज श्रीवास्तव, संयुक्त मंत्री महेंद्र गौण, कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव, पुस्तकालय मंत्री संजय कुमार, कार्यकारिणी सदस्य अजीत सिंह व डा. मनोज कुमार मिश्रा, सहित कई पूर्व पदाधिकारी और वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 33 वर्षों का अनुभव रखने वाले संजय श्रीवास्तव वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के गोरखपुर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय और प्रशासनिक मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग के साथ वह निरंतर समाचार कवरेज करते हैं।
