बिहार: वैशाली में आपसी विवाद में अर्मी जवान और उसके पिता की गोली मारकर हत्या
- बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में हुआ दोहरा हत्याकांड।
- छुट्टी पर घर आए सेना के जवान जितेंद्र कुमार और उनके पिता की हत्या।
- रास्ते के विवाद को वारदात की वजह बताया जा रहा है।
वैशाली। बिहार में वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत रजासो गांव में रविवार सुबह रास्ते के विवाद में छुट्टी पर घर आए एक आर्मी जवान और उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकंड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक मृतक आर्मी जवान की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो दिल्ली में भारतीय सेना में तैनात था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले एक रिश्तेदार की बिजली करंट लगने से मौत हो जाने के बाद वह छुट्टी लेकर अपने गांव आया था। इसी दौरान गांव में विवादित जमीन से रास्ते को लेकर उसका अपने चचेरे भाई जगदीश राय से विवाद हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार देर शाम दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर कहासुनी हुई थी। सूचना मिलने पर बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। हालांकि, यह विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।
रविवार की सुबह आरोपी पक्ष ने कथित तौर पर दोबारा हमला कर दिया। आरोप है कि जगदीश राय ने पहले जितेंद्र कुमार और उसके पिता मुनारीक राय पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
गोली लगने से मुनारीक राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र कुमार को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोहरे हत्याकांड की इस वारदात के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला रास्ते के विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद आरोपी और उसके परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
