'एक पेड़ माँ के नाम' महाअभियान के तहत मुजफ्फरनगर में 15 हजार से अधिक पौधों का रोपण
प्रदेशभर में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य
प्रेम कुमार श्रीवास्तव
- मंत्री कपिल देव अग्रवाल की उपस्थिति में पौधारोपण
- वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का दिया संदेश
मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए "एक पेड़ माँ के नाम" राष्ट्रीय अभियान के क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 12 जुलाई 2026 को प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण महाअभियान आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेशभर में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि एवं भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया जा सके। अभियान का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से अधिकाधिक वृक्ष लगाकर प्रकृति संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
12 जुलाई 2026 को मंत्री कपिल देव अग्रवाल (उ0प्र0 सरकार), जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा थाना क्षेत्र मंसूरपुर स्थित बेगराजपुर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया गया तथा उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संदेश दिया गया।
जुलाई माह वर्षा ऋतु का प्रमुख समय होने के कारण इस अवधि में लगाए गए पौधों के जीवित रहने एवं शीघ्र विकसित होने की संभावना अधिक रहती है। वृक्ष पर्यावरण को संतुलित रखने, ऑक्सीजन उपलब्ध कराने, कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करने, जल संरक्षण, मृदा अपरदन रोकने तथा जैव विविधता को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का योगदान आवश्यक है। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई कि वे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लें, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
जनपद मुजफ्फरनगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में इस अभियान के अंतर्गत आज पुलिस लाइन, जनपद के समस्त थाना परिसरों एवं पुलिस चौकियों सहित विभिन्न पुलिस कार्यालयों में 15,000 से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में जनपद पुलिस अपना सक्रिय योगदान दे रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
