बांदा में प्रेम विवाह से नाराज मां ने किया विरोध, युवक ने उतारा मौत के घाट
बेटी की शादी के विरोध में मां की धारदार हथियार से हत्या
- दामाद समेत तीन गिरफ्तार
बांदा। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कोर्रही में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बेटी के प्रेम विवाह से नाराज मां का विरोध करना युवक को इतना नागवार गुजरा कि उसने धारदार हथियार से महिला की नृशंस हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इस मामले में दामाद समेत तीन लाेगाें काे गिरफ्तार किया है।
ग्राम कोर्रही निवासी बानो (46 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय राजू की बेटी आलिया का गांव के ही रहने वाले लवकुश वर्मा पुत्र लक्ष्मी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब बानो को इस रिश्ते के बारे में पता चला, तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया। वह नहीं चाहती थीं कि उनकी बेटी लवकुश से शादी करे। बावजूद इसके बेटी ने मां की इच्छा के विरुद्ध जाकर अपने प्रेमी लवकुश से शादी कर ली। बताया जा रहा है कि शादी के बाद भी मां लगातार इस रिश्ते का विरोध कर रही थी, जिससे क्षुब्ध होकर आरोपित युवक ने शनिवार देर शाम अपनी पत्नी की मां (सास) पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह समेत भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि शनिवार को पुलिस को ग्राम कोर्रही में एक महिला की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में यह सामने आया है कि मृतका की बालिग बेटी ने गांव के ही एक युवक से प्रेम विवाह किया था, जिसका मृतका लगातार विरोध कर रही थी। इसी रंजिश में युवक ने महिला की हत्या कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है। इस घटना ने एक बार फिर प्रेम संबंधों और पारिवारिक विवादों के खौफनाक अंत को लेकर समाज में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
