इंग्लैंड की स्टार बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से किया संन्यास का ऐलान
भारत के खिलाफ टेस्ट होगा उनके करियर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच
- टैमी ब्यूमोंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया।
- भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट होगा उनका विदाई मैच।
- 2009 में इंग्लैंड के लिए किया था अंतरराष्ट्रीय पदार्पण।
नई दिल्ली। इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है।
35 वर्षीय ब्यूमोंट भारत के खिलाफ शुक्रवार से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के बाद अपने 17 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत करेंगी। लॉर्ड्स में होने वाला यह पहला महिला टेस्ट मैच उनके करियर का विदाई मुकाबला भी होगा।
साल 2009 में इंग्लैंड के लिए पदार्पण करने वाली ब्यूमोंट ने अपने करियर में 260 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वह इंग्लैंड की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 12 शतक लगाने वाली महिला बल्लेबाज हैं।
ये खबर भी पढ़े : फीफा विश्व कप 2026 : स्पेन ने उरुग्वे को 1-0 से हराकर ग्रुप एच में शीर्ष स्थान हासिल कियावह इंग्लैंड की उन केवल दो महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा है। इसके अलावा 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में 208 रन की पारी खेलकर वह महिला टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड की पहली दोहरा शतक लगाने वाली बल्लेबाज बनी थीं।
संन्यास की घोषणा करते हुए टैमी ब्यूमोंट ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के हवाले से कहा, "करीब 17 वर्षों तक इंग्लैंड के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।
जब मैं छोटी बच्ची थी और क्रिकेट से प्यार हुआ था, तब मुझे यह भी नहीं पता था कि इंग्लैंड के लिए खेलना एक विकल्प हो सकता है।
आज यह देखकर बेहद खुशी होती है कि खासकर इस गर्मी में कितनी लड़कियां और लड़के क्रिकेट से प्रेरित हुए हैं और हमारे देश में इस खेल ने कितनी लंबी यात्रा तय की है।"
उन्होंने आगे कहा,"हम हमेशा चाहते थे कि हम इंग्लैंड की कैप को अगली पीढ़ी तक सम्मान के साथ पहुंचाएं। अब समय आ गया है कि मैं यह जिम्मेदारी अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को सौंप दूं।"
लॉर्ड्स टेस्ट को लेकर उन्होंने कहा, "लॉर्ड्स में होने वाला यह टेस्ट मैच, जो महिलाओं का यहां पहला टेस्ट होगा, मेरे करियर को अलविदा कहने के लिए बिल्कुल सही अवसर है। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मेरा करियर इतना यादगार और खास होगा।"
ब्यूमोंट महिला क्रिकेट में पेशेवर अनुबंध पाने वाली शुरुआती खिलाड़ियों में शामिल थीं। उन्हें 2015 में पहला केंद्रीय अनुबंध मिला था। इसके दो साल बाद 2017 महिला वनडे विश्व कप में उन्होंने 410 रन बनाकर टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता और इंग्लैंड को घरेलू सरजमीं पर विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगी
टैमी ब्यूमोंट ने स्पष्ट किया कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह रही हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगी। वह फिलहाल द ब्लेज़ और बर्मिंघम फीनिक्स की ओर से द हंड्रेड सहित अन्य घरेलू प्रतियोगिताओं में खेलती रहेंगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
