भारी बारिश का असर: यूपी के कई जिलों में कक्षा 8 तक के सभी स्कूल आज बंद
मथुरा और हाथरस के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने घोषित किया अवकाश
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ शैक्षणिक गतिविधियों को भी प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग की ओर से जारी भारी वर्षा के अलर्ट और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए मथुरा और हाथरस जिला प्रशासन ने गुरुवार (9 जुलाई) को प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।
मथुरा में बुधवार को दिनभर रुक-रुक कर हुई तेज बारिश के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से अधिकांश स्कूल वाहनों का संचालन प्रभावित रहा और बड़ी संख्या में छात्र विद्यालय नहीं पहुंच सके। कई सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की बेहद कम उपस्थिति दर्ज होने के कारण समय से पहले छुट्टी करनी पड़ी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन गुरुवार को जिले के सभी परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा और अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों के विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी।
उधर, हाथरस में भी लगातार बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने 9 जुलाई के लिए प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालय बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की भारी बारिश संबंधी चेतावनी और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है, ताकि किसी भी छात्र-छात्रा की सुरक्षा से समझौता न हो।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
