सांप ने काटा तो घायल युवक के साथ सांप को भी अस्पताल लेकर पहुंचे ग्रामीण, सब हैरान
फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के शंकरपुर गांव में बुधवार को एक युवक को सांप ने डस लिया। परिजन युवक के साथ सांप को भी डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचे। जिसे देख हर कोई हैरान रह गया। चिकित्सक ने युवक को भर्ती कर उपचार दिया।
थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी रामनिवास (35) को उसके घर के पास ही किसी सर्प ने काट लिया। रामनिवास दुकान चलाते हैं। इस घटना से परिजनों व ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल युवक को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर लिया और पहचान के लिए उसे भी जिला अस्पताल ले आए। अस्पताल में डिब्बे में बंद सांप को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।
डिब्बे में भी सांप फन फैलाए बैठा था। यह देख सभी हैरान रह गए। लोगों के मुताबिक सांप कोबरा था जो काफी जहरीला प्रतीत हो रहा है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने रामनिवास का तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत में सुधार हो रहा है।चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत मरीज को अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उपचार मिल सके।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
