डूरंड कप फुटबॉल टूनार्मेंट: पहली बार रांची में मुकाबला, राष्ट्रपति ने किया ट्रॉफियों का अनावरण
डूरंड कप युवा फुटबॉल प्रतिभाओं को नई पहचान देगा : राष्ट्रपति
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को डूरंड कप फुटबॉल टूनार्मेंट-2026 की ट्रॉफियों का अनावरण और उन्हें रवाना करते हुए कहा कि भारत को वैश्विक फुटबॉल जगत में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करने के लिए अभी लंबा सफर तय करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूनार्मेंट देश में फुटबॉल की नई प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति ने डूरंड कप टूनार्मेंट-2026 की ट्रॉफियों का अनावरण एवं फ्लैग आॅफ किया। इस अवसर पर उन्होंने डूरंड कप से जुड़े वर्तमान और पूर्व अधिकारियों तथा खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ने वर्षों से अनेक प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराया है।
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस वर्ष डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी के लिए कुछ नई टीमें भी प्रतियोगिता में भाग लेंगी, जिनमें श्रीलंका की एक टीम भी शामिल है। नई टीमों के शामिल होने से इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता की लोकप्रियता और बढ़ेगी। राष्ट्रपति ने सभी भाग लेने वाली टीमों और खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। डूरंड कप के मैच इस बार कोलकाता, गुवाहाटी, इम्फाल और शिलांग के साथ-साथ पहली बार रांची में भी आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि फुटबॉल दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेलों में से एक है और यह उत्कृष्टता, एकता तथा खेल भावना का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रहे फीफा विश्व कप में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमें और खिलाड़ी अपने-अपने देशों की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इन खिलाड़ियों के दुनिया भर में करोड़ों प्रशंसक हैं और उनका शानदार प्रदर्शन खेल प्रेमियों को प्रेरित करता है। फुटबॉल लोगों को जोड़ने का माध्यम भी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
