139 साल पुराने अमीनाबाद इंटर कॉलेज में शिक्षा का नया अध्याय शुरू, दाखिला प्रारंभ
1887 में स्थापित हुआ था नगर निगम संचालित विद्यालय
पहली बार छात्राओं के प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ
- पहले दिन सात छात्राओं ने लिया दाखिला
लखनऊ। राजधानी में वर्ष 1887 में स्थापित ऐतिहासिक अमीनाबाद इंटर कॉलेज में बेटियों की शिक्षा का नया अध्याय शुरू हो गया है। नगर निगम द्वारा संचालित इस विद्यालय में छात्राओं के प्रवेश को मंजूरी मिलने के बाद बुधवार से कक्षा 6 से 12 तक दाखिले की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। पहले ही दिन कक्षा 6 में चार छात्राओं और कक्षा 11 में तीन छात्राओं ने प्रवेश लिया। इस प्रकार पहले दिन कुल सात छात्राओं का दाखिला हुआ।
सोमवार को आयोजित नगर निगम की कार्यकारिणी की बैठक में अमीनाबाद इंटर कॉलेज में छात्राओं के प्रवेश को मंजूरी दी गई थी। निर्णय के बाद विद्यालय प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी। लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान रखने वाले इस ऐतिहासिक विद्यालय में छात्राओं के प्रवेश की शुरुआत को महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
ये खबर भी पढ़े : पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर द्वारा जनसुनवाई में त्वरित निस्तारण हेतु दिए गए आवश्यक निर्देशअमीनाबाद इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को न्यूनतम फीस में शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में छात्राओं के प्रवेश की शुरुआत से आर्थिक रूप से कमजोर एवं सामान्य परिवारों की बेटियों को भी कम खर्च में अपनी शिक्षा जारी रखने का अवसर मिलेगा। नगर निगम द्वारा संचालित यह विद्यालय उन परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प है, जो सीमित आर्थिक संसाधनों में अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाना चाहते हैं। छात्राओं के लिए प्रवेश शुरू होने से अमीनाबाद और आसपास के क्षेत्रों की बेटियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल ने छात्राओं से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
महापौर ने कहा कि बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। ऐतिहासिक अमीनाबाद इंटर कॉलेज में छात्राओं के प्रवेश की शुरुआत इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नगर निगम द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 1887 से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहे अमीनाबाद इंटर कॉलेज में छात्राओं के प्रवेश की शुरुआत विद्यालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण बदलाव है।
कार्यकारिणी के निर्णय के बाद शुरू हुई यह व्यवस्था क्षेत्र की बेटियों को कम खर्च में शिक्षा जारी रखने का नया अवसर प्रदान करेगी। इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, स्थानीय पार्षद मुकेश सिंह 'मोंटी', अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, उप नगर आयुक्त रश्मि भारती, मुख्य वित्त एवं लेखा अधिकारी महामिलिंद लाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य साहब लाल मिश्रा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
