कांग्रेस नेत्री नाज़िया ने MCD तबादला विवाद पर भाजपा को घेरा, जांच की मांग
नीरज अवस्थी
नई दिल्ली। कांग्रेस नेत्री नाज़िया ने दिल्ली नगर निगम (MCD) के इंजीनियरिंग विभाग के हालिया तबादला आदेश को लेकर भाजपा शासित निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के ट्रांसफर आदेश में ऐसे कर्मचारियों के नाम शामिल किए गए हैं, जिनमें दो का पहले ही निधन हो चुका है और एक अधिकारी लंबे समय से निलंबित है।
नाज़िया ने कहा कि यदि आरोप सही हैं और मृत व निलंबित कर्मचारियों के नाम तबादला सूची में शामिल किए गए हैं, तो यह सिर्फ एक प्रशासनिक चूक नहीं बल्कि निगम की कार्यप्रणाली की गंभीर विफलता है। उन्होंने कहा कि इससे यह सवाल खड़ा होता है कि आखिर निगम के रिकॉर्ड कितने अद्यतन और विश्वसनीय हैं।
कांग्रेस नेत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित MCD में प्रशासनिक जवाबदेही लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि जब अधिकारियों को यह तक पता नहीं कि कौन कर्मचारी सेवा में है और कौन नहीं, तब दिल्ली की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों के संचालन पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
नाज़िया ने महापौर प्रवेश वाही और संबंधित अधिकारियों से इस मामले पर तत्काल स्पष्टीकरण देने की मांग की। उन्होंने कहा कि तबादला आदेश जारी करने से पहले सत्यापन प्रक्रिया क्यों नहीं अपनाई गई और इस कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता को पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन मिलना चाहिए। फिलहाल MCD की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
