शिकायतों का गुणवत्तापरक, समयबद्ध निस्तारण करें अफसर : सीडीओ
विजयपाल सिंह
लखीमपुर-खीरी,06 जून(तरूणमित्र)। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को सीडीओ अभिषेक कुमार और एसपी डॉ ख्याति गर्ग ने तहसील मोहम्मदी में "संपूर्ण समाधान दिवस" में आये हुए फरियादियों के समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर जाकर जनशिकायतों की निष्पक्ष जाँच करके समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को तत्काल न्याय दिलाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों को अमलीजामा पहनाया जाय। डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि जनसुनवाई में आने वाले सभी गरीब, ज़रूरतमन्द तथा असहाय लोगों की हर संभव मदद की जाय तथा उन्हें उनकी पात्रतानुसार लाभान्वित भी किया जाय। आम जनता की शिकायतों, आवेदनों के समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान के लिए शिकायतकर्ता से स्वयं बात करें। पीड़ित/परेशान व्यक्ति की मनोदशा को समझें, उसकी भावना का सम्मान करें और पूरी संवेदनशीलता के साथ उसकी समस्या का समाधान किया जाए।
सीडीओ ने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में है, इसलिए सभी अधिकारी रूचि लेकर गुणवत्तायुक्त ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करे। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी। भूमि संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर गुणवत्तापरक निस्तारण करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 60 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत किये, जिसमें 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व 30, पुलिस 12, विकास 06, आपूर्ति 07, नगर निकाय के 05 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें पृष्ठाकिंत कर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण हेतु उपलब्ध करा दिया गया। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम चिलुवाराजू आर, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, एसीएमओ, तहसीलदार अरुण कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
समाधान दिवस में पहुंचे 68 मामले, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने दिए कड़े निर्देश
धौरहरा तहसील में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 68 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से राजस्व विभाग से संबंधित नौ प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कराया। एडीएम ने पूर्व तहसील दिवसों में प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगली संपूर्ण समाधान दिवस में निस्तारण आख्या का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट सहित उपस्थित हों। धारा-24 उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के तहत मेड़बंदी के बाद लगाए गए पिलरों को क्षति पहुंचाने के मामलों में ग्राम वाली और बबुरी के संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कोतवाली धौरहरा में एफआईआर दर्ज कराई गई है। संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने पर एडीओ सहकारिता, रमियाबेहड़ के वेतन अवरोधन के निर्देश दिए। एडीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय देवांश सिंह खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
