प्रेमी युगल ने जहर खाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार देर रात एक प्रेमी युगल ने जहर खा लिया। जिससे दोनों की मौत हो गई। मृतका विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं। जबकि प्रेमी अविवाहित है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। थाना क्षेत्र के गांव नगला ऊमर निवासी रोहित उर्फ बंटू शर्मा (26) के घर के सामने विनेश यादव (32) रहती थी। उसके दो बच्चे ज्योति एवं अर्पित हैं। विवाहिता का पति बड़ौदा गुजरात में काम करता है। महिला और युवक में दोनों के बीच प्यार हो गया। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। सोमवार रात अज्ञात कारणों से युवक और महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे दोनों की हालत बिगड़ गई। कुछ समय बाद दोनों ने दम तोड़ दिया। एक साथ हुई प्रेमी युगल की मौत से गांव में सन्नाटा पसर गया। प्रेमी युगल की मौत की जानकारी पाकर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर आ गए।
सूचना पर सीओ प्रवीन कुमार और थाना की फोर्स भी आ गई। पुलिस ने मृतकों के परिजनों से बातचीत कर घटना के साक्ष्य एकत्रित किए। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इस सम्बंध में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक त्रिगुन बिसेन ने बताया कि एक महिला और एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाया है। जिससे उनकी मौत हुई है। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, यह जानकारी भी सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का सही कारण पता चलेगा। मामले की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
टिप्पणियां