डायट में पौधारोपण, रैली निकालकर दिया पर्यावरण रक्षा का संदेश
बस्ती - जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में गुरुवार को पर्यावरण को लेकर जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के लिए सार्थक कार्य करने के उद्देश्य हेतु पर्यावरण दिवस कार्यक्रम मनाया गया। डायट परिसर में प्राचार्य संजय कुमार शुक्ल ने डायट स्टाफ और डीएलएड प्रशिक्षुओं के साथ पौधारोपण किया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं प्लास्टिक का उपयोग न करने हेतु रैली भी निकाली गई। अपने जीवन शैली में प्लास्टिक का उपयोग न करने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए डायट प्राचार्य ने सभी को शपथ भी दिलाई। निबंध, कविता, पोस्टर, कला क्राफ्ट, भाषण आदि प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। डायट प्राचार्य ने कहा कि पर्यावरण की अवहेलना के गंभीर दुष्परिणाम समूचे विश्व में परिलक्षित हो रहे हैं इसलिए हम सभी को पौधारोपण करना चाहिए एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए दृढ़ संकल्प लेना चाहिए। कहा कि सभी प्रशिक्षु पौधे लगाने के साथ ही देखभाल करके पौधे को जीवित भी रखें। पर्यावरण संरक्षण के लिए सतत प्रयास के साथ ही प्लास्टिक का उपयोग न करें एवं कचरा कूड़ेदान में ही डालें। सिर्फ आयोजन के उपलक्ष्य में ही नहीं बल्कि एक आदत के रूप में पर्यावरण चेतना हम सभी को अपनाने की जरूरत है। जीजीआईसी की प्रधानाचार्या डॉ शबीहा मुमताज ने कहा कि पर्यावरण का सीधा संबंध हमारे जीवन, हमारी सृष्टि से है। जैसा कि हम सभी जानते है कि स्वच्छ-सुरक्षित पर्यावरण सभी प्राणियों के जीवन को सुगम बनाता है, इसलिए पर्यावरणीय प्रदूषण की रोकथाम नितान्त आवश्यक हैं। संचालन कार्यक्रम के नोडल डायट प्रवक्ता अमनसेन ने किया। वृक्षारोपण, रैली कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रवक्ता वर्षा पटेल, डॉ ऋचा शुक्ला, वंदना चौधरी, डॉ गोविन्द, अलीउद्दीन खान, कल्याण पाण्डेय, डॉ रविनाथ, कुलदीप चौधरी, इमरान खान एवं डीएलएड 2023 एवं 2024 बैच के प्रशिक्षुओं ने सहयोग किया।
About The Author

टिप्पणियां