मुर्शिदाबाद में जमीन विवाद के दौरान गोलीबारी, युवक घायल
मुर्शिदाबाद। जिले के नउदा थाना अंतर्गत कोदालकाठी गांव में गुरुवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि गोलीबारी हो गई। इस घटना में 25 वर्षीय अजीज मंडल नामक युवक घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे पहले अमतला ग्रामीण अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, अजीज मंडल सुबह अपने खेत में काम करने के लिए जा रहे थे। रास्ते में उन्हें पड़ोसी के पटसन (पाट) के खेत से होकर गुजरना पड़ा। इस दौरान फसल को मामूली नुकसान हो गया, जिसे लेकर दोनों पक्षों में पहले बहस शुरू हुई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ते-बढ़ते हाथापाई और फिर हिंसक झड़प में बदल गया।
विवाद के दौरान मौके पर दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। अचानक झड़प के बीच किसी ने गोली चला दी, जो सीधे अजीज मंडल के पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह ज़मीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल युवक को पहले अमतला ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी हालत नाजुक देख उसे मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
इस घटना में अजीज के अलावा कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गोलीबारी की खबर फैलते ही पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। स्थानीय लोग काफी डरे और सहमे हुए हैं। घटना की सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
टिप्पणियां