'पाकिस्तान भीख के पैसे से फैलाता है आतंकवाद, भारत को कुचलना आता है'
लंदन। भारतीय संसदीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने पूर्व केंद्रीयमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में यहां पाकिस्तान के चेहरे को बेनकाब किया। लंदन के इंडिया हाउस में रविवार को भारतीय प्रवासियों से मुलाकात में भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि पाकिस्तान एक तरफ भीख मांगता है और दूसरी तरफ आतंकवाद फैलाता है। भारत आतंकवाद को कुचलना जानता है और इसके लिए किसी की मध्यस्थता की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग देशों में हमारे साथी यह संदेश दे रहे हैं। आप (भारतीय प्रवासी) लोग हमारे राजदूत हैं। हम लड़ाई करेंगे। भारतीय सेना वहां लड़ेगी। हमें कूटनीतिक लड़ाई लड़नी है। सोशल मीडिया की लड़ाई लड़नी है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद कश्मीर में लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ने से पाकिस्तान परेशान है। इसीलिए उसने पहलगाम में आतंकी हमला कराया। भारत ने जब ऑपरेशन सिंदूर से जवाब दिया तो दुनिया में पाखंड फैला रहा है।
इस प्रतिनिधमंडल के वरिष्ठ सदस्य पूर्व केंद्रीयमंत्री और वरिष्ठ पत्रकार एमजे अकबर ने कहा कि अहिंसा के पुजारी गांधी जी ने कहा था कि आतंकवाद के खिलाफ अहिंसा नहीं उसका मजबूती से मुकाबला होना चाहिए। भारत आज बापू के बताए रास्ते पर चल रहा है। आज भारत का संदेश स्पष्ट है कि वह कभी पीछे नहीं हटेगा।
भाजपा सांसद दग्गुबाती पुरंदेश्वरी ने कहा कि भारत जिम्मेदार राष्ट्र है। उसने कभी किसी दूसरे देश के खिलाफ हथियार नहीं उठाए हैं। पुरंदेश्वरी ने कहा कि पहलगाम में एक महिला ने आतंकवादी से विनती की कि तुमने मेरे पति को मार दिया है, अब मुझे भी मार दो, तो जवाब मिला - ''हम तुम्हें नहीं मारेंगे, जाओ मोदी को बताओ'। उन्होंने कहा कि इसके बाद दुनिया ने देखा कि पाकिस्तान में क्या हुआ। इस अवसर पर भाजपा सांसद समिक भट्टाचार्य ने कहा कि पाकिस्तान को याद रखना चाहिए कि उसका निर्माण इसलिए हुआ क्योंकि भारत ने गृहयुद्ध नहीं बल्कि शांति का रास्ता चुना। शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को समर्थन देने का आरोप लगाया। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे 9/11 हमले का मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में छिपा हुआ था।
भारत का एक प्रतिनिधिमंडल मोनरोविया (लाइबेरिया) पहुंचा है। यहां भाजपा नेता एसएस अहलूवालिया ने कहा कि पाकिस्तान सोचता है कि इस्लामी दुनिया उनके साथ खड़ी होगी। हमने यूएई से कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद फैलाने के लिए कुरान और धर्म का इस्तेमाल करता है। उसका कुछ उपाय कीजिए। यूएई ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान धर्म का दुरुपयोग कर रहा है। प्रतिनिधिमंडल के दूसरे सदस्य बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। आतंकियों ने लोगों का धर्म पूछकर हत्या की। पाकिस्तान जब तमाशबीन बना रहा तो भारत ने 6 और 7 मई की मध्य रात पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकानों को तहस-नहस कर दी। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि लाइबेरिया हमारा पुराना मित्र है। व संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के लिए चुनाव लड़ेगा। ऐसा लगता है कि डीआर कांगो और लाइबेरिया दोनों ही अस्थायी सदस्यों की सीटें जीतेंगे। एक अच्छे मित्र के रूप में लाइबेरिया आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में भारत के साथ खड़ा रहेगा।
मैड्रिड (स्पेन) में भाजपा नेता कैप्टन बृजेश चौटा ने कहा कि भारत पिछले कई सालों से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को झेल रहा है। पहलगाम में जो हुआ, उसने धैर्य का बांध तोड़ दिया। यूरोपीय संघ में भारत के पूर्व राजदूत मंजीव सिंह पुरी ने कहा कि आतंकवाद के भूगोल में पाकिस्तान बहुत बड़ा देश है। उसे दुनिया ने लगातार पहचाना है, चाहे आप 9/11 को लें, या फिर कोई भी बड़ी वैश्विक कार्रवाई को, प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से पाकिस्तान का हाथ हमेशा रहा है।
टिप्पणियां