आगरा : यमुना नदी में डूबने से एक ही परिवार की छह लड़कियों की मौत
आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को यमुना नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूबने से एक ही परिवार की छह लड़कियों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताया। उन्हाेंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार काे हरसंभव मदद के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारी फाेर्स के साथ माैके पर पहुंच गए।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि यमुना नदी में डूबकर जिन बच्चियों की मौत हुई है, उनकी पहचान नगला नाथू गांव के रहने वाले सुरेश की बेटी मुस्कान (18), मुस्कान की छोटी बहन संध्या (15), दिव्या और चचेरी बहन नैना (13), मौसेरी बहन सोनम, सुहानी के रूप में हुई है। जबकि भाई दीपेश बच गया। यह लड़कियां सभी एक ही परिवार से जुड़ी है।
पूछताछ में परिजनाें से पता चला है कि ये सभी नहाने के लिए यमुना नदी में गई थीं। इससे पहले इन्होंने नदी के किनारे वीडियो भी बनाया है। नहाने के दौरान सभी गहरे में पानी में चली गई और डूब गई। चार बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो बच्चियों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना में डूबने से लड़कियाें की माैत पर शाेक जताया और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियाें काे हरसंभव मदद करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नदी किनारे सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के निर्देश दिए।
टिप्पणियां