ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने दिया इस्तीफा, यूके में एक दशक में छठे पीएम ने छोड़ा पद
लंदन । ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। कीर स्टार्मर ने अपनी लेबर पार्टी के कई सांसदों के महीनों से चले आ रहे दबाव के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। नए नेता का चुनाव होने तक वह अपने पद पर बने रहेंगे। अब सत्तासीन लेबर पार्टी नए नेतृत्व को चुनने के लिए आंतरिक चुनाव कराएगी।
स्टार्मर का भावुक विदाई संदेश
पीएम पद छोड़ते हुए स्टार्मर ने एक भावुक विदाई संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी जिम्मेदारी निभाने के बाद अब वह अपने जीवन की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका पर अधिक समय देना चाहते हैं, यानि एक अच्छे पति और पिता की भूमिका। स्टार्मर ने अपनी पत्नी विक्टोरिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने अच्छे और कठिन दोनों समय में हमेशा उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी उनके लिए एक मजबूत सहारा रही हैं। भावुक होते हुए उन्होंने अपने बच्चों का भी जिक्र किया और कहा कि वे उनके गर्व और खुशी का सबसे बड़ा कारण हैं।
10 साल में सातवां पीएम देखेगा ब्रिटेश
चौंकाने वाली बात यह है कि स्टार्मर के पीएम पद छोड़ने के साथ ही अब ब्रिटेन में बीते एक दशक के अंदर छह प्रधानमंत्री बदल चुके हैं। यानी अगले कुछ दिनों में ब्रिटेन 10 साल में अपना सातवां पीएम देखेगा। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर लगभग दो वर्षों से इस पद पर हैं। उन्होंने शुरुआत में कहा था कि वह नेतृत्व को लेकर किसी भी चुनौती का सामना करेंगे और पद नहीं छोड़ेंगे। हालांकि, पिछले वीकेंड से उनके इस्तीफा देने की अटकलें तेज हो गई थीं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सोशल मीडिया पर लिखा था कि स्टार्मर इस्तीफा देने वाले हैं।कीर स्टार्मर चाहे जो भी दावा करें लेकिन पिछले कई महीने से वह लेबर पार्टी के दबाव में चल रहे थे।
वह कई विवादों में घिरे और उनको जनता को समर्थन भी कम होता जा रहा था। लेबर पार्टी के अंदर और बाहर मौजूद आलोचकों का कहना है कि कीर सरकार लोगों के जीवन में सुधार के चुनावी वादे को पूरा करने में फेल साबित हुई है। कीर पर तब दबाव ज्यादा बढ़ गया जब उनके लेबर पार्टी के विरोधी एंडी बर्नहाम ने एक संसदीय सीट जीत ली। इसके साथ ही वह कीर को औपचारिक रूप से चुनौती देने की स्थिति में आ गए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
