गंभीर हो रही बिजली की समस्या, अधिकारी-जनप्रतिनिधि बने उदासीन
उपकेंद्र पर खराबी बताकर लाइट गुल करने का आरोप
उतरौला (बलरामपुर I मंगलवार को विधानसभा चुनाव में बिजली की समस्या सबसे बड़ा मुद्दा बनने वाला है। शासन-प्रशासन के निर्बाध आपूर्ति के दावों की खिल्ली उड़ा रहा बिजली महकमा नगर क्षेत्र में 12 घंटे की भी आपूर्ति नहीं कर पा रहा है। कभी इटई मैदा सबमिशन सेंटर से दिन भर में पांच-पांच बार सप्लाई फेल होने की सूचना देकर दिन और रात कटौती की जा रही है। तो कभी उपकेंद्र पर खराबी बताकर लाइट गुल कर दी जाती है! विभागीय कर्मचारियों की लेटलतीफी और लापरवाही का आलम यह है कि फाल्ट खोजने में भी पांच से छह घंटे बरबाद कर दे रहे हैं।
लो वोल्टेज की समस्या से टाउन टू के उपभोक्ता जूझ रहे हैं तो ग्रामीण क्षेत्रों में चौबीस घंटों में पांच घंटे की भी आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। कहने के लिए क्षेत्रीय विधायक ने उच्च शक्ति वाले ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए हैं लेकिन उसका लाभ भी केवल टाउन वन के ही उपभोक्ताओं तक सीमित है।
बिजली आपूर्ति की अव्यवस्था ऐन चुनाव से पहले होने से उमस व गर्मी से जूझ रहे उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे रहा है और आग में घी डालने का काम विभाग के लापरवाह अधिकारी कर्मचारी कर रहे हैं। स्थानीय निवासी एजाज मलिक, हसीब खां, रामदयाल यादव, विकास गुप्त, सुनील कुमार का कहना है कि बड़े फाल्ट के अतिरिक्त लोकल फाल्ट के नाम पर भी लगातार ट्रिपिंग की जाती है लेकिन किसी अधिकारी और जनप्रतिनिधि की समस्या पर नजर नहीं जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
