शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले
नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की मिली-जुली शुरुआत हुई थी।
बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई।
हालांकि सुबह 10 बजे के करीब मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इन दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली गिरावट भी आई, इसके बावजूद दोनों सूचकांक लगातार बढ़त बनाए रहे।
पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.49 प्रतिशत और निफ्टी 0.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 240.22 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,535.18 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का जोर बन जाने के कारण यह सूचकांक लगभग 500 अंक उछल कर 74,787.26 अंक के स्तर तक आ गया।
हालांकि सुबह 10 बजे से थोड़ा देर पहले बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इसकी चाल में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई।
बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 362.65 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,657.61 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 16.20 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,330.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की।
बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक ने तुरंत ही सुधर कर हरे निशान में अपनी जगह बना ली।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी सुबह 10 बजे के करीब लगभग 65 अंक की छलांग लगा कर 23,410.75 अंक के स्तर पर आ गया।
इस उछाल के बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई मामूली बिकवाली के कारण इस सूचकांक की चाल में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई।
बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 26.80 अंक यानी 0.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,373.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,938 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,665 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,273 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 26 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर चार शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 34 शेयर हरे निशान में और 16 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से सन फार्मास्युटिकल्स, एचडीएफसी लाइफ, आईटीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजी और इंटरग्लोब एवियेशन के शेयर 2.30 प्रतिशत से लेकर 1.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर, भारती एयरटेल, अदानी पोर्ट्स, विप्रो, इन्फोसिस और टीएमपीवी के शेयर 2.59 प्रतिशत से लेकर 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 19.63 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 74,294.96 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।
वहीं निफ्टी ने 75.80 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,346.40 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
