जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीएम श्री विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के संबंध में बैठक सम्पन्न।
जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में आज जिलाधिकारी कार्यालय में पीएम श्री विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक पीएम श्री विद्यालय में सुरक्षा कर्मियों की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर सतत निगरानी रखी जाए तथा विद्यालय में आने-जाने वाले प्रत्येक आगंतुक का नाम, पहचान, आगमन एवं प्रस्थान का समय अनिवार्य रूप से आगंतुक पंजिका में दर्ज किया जाए। सुरक्षा कर्मियों नियुक्त होने के उपरांत विद्यालय परिसर, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण संसाधनों एवं परिसंपत्तियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निदेश दिए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय पुलिस को उपलब्ध कराई जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय की परिसंपत्तियों को किसी भी प्रकार की क्षति, चोरी अथवा तोड़फोड़ जैसी घटनाओं से सुरक्षित रखने के लिए सुरक्षा कर्मी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं निगरानी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की सतत समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा, जिससे पीएम श्री विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।
बैठक के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
आनन्द कुमार मिश्र मऊ जनपद के जाने - माने पत्रकार हैं। आनन्द कुमार को पत्रकारिता का 10 सालों का अनुभव है, यह कई मीडिया संस्थानों अपनी सेवा दे चुके हैं। वर्तमान में तरुणमित्र के मऊ जनपद के ब्यूरो प्रमुख के रुप में कार्यरत हैं।
