बारिश का दौर जारी, 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम में अब भी बदलाव की स्थिति बनी हुई है। रविवार को हुई वर्षा के बाद कोलकाता समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम कुछ ठंडा बरकरार है और उमस से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बारिश के अनुकूल हालात बने हुए हैं, साथ ही कई जगहों पर तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आज बारिश के साथ-साथ आंधी जैसी स्थिति बन सकती है। बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना एवं मेदिनीपुर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इन इलाकों में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और गरज के साथ वर्षा हो सकती है। साथ ही उत्तर और दक्षिण 24 परगना, बीरभूम, नदिया और पूर्व मेदिनीपुर में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने सोमवार को बताया है कि राजधानी कोलकाता में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। दिन के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने यहां भी गरज-चमक के साथ वर्षा की आशंका जताई है। ऐसे में बाहर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने और छाता साथ रखने की सलाह दी गई है।
उत्तर बंगाल में आने वाले दिनों में बारिश का असर और अधिक देखने को मिल सकता है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
वहीं जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कूचबिहार में भी तेज बारिश हो सकती है। उत्तर बंगाल के अधिकांश जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगातार आर्द्र हवा का प्रवाह जारी है, जिसके कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है और बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
