चंदननगर: पार्किंग में कार की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, चालक हिरासत में
चंदननगर के श्रीपल्ली इलाके में हुआ हादसा
हुगली। हुगली जिले के चंदननगर के श्रीपल्ली इलाके में शनिवार शाम कार पार्किंग के दौरान हुए एक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
कार मालिक को पार्किंग करना सिखाते समय वाहन की चपेट में आने से बुद्धदेव सरकार की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने कार चालक शैबाल साहा को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुद्धदेव सरकार सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी शैबाल साहा की कार चलाते थे। उन्होंने शैबाल साहा को पहले ही कार चलाना सिखा दिया था और अब उन्हें सही तरीके से कार पार्क करना सिखा रहे थे।
शनिवार शाम दोनों काम समाप्त कर चंदननगर स्थित सुपरस्टिच प्लाजा नामक आवासीय परिसर पहुंचे, जहां कार को गैरेज में पार्क किया जाना था। उस समय कार शैबाल साहा चला रहे थे, जबकि बुद्धदेव सरकार बाहर खड़े होकर उन्हें पार्किंग के संबंध में निर्देश दे रहे थे।
ये खबर भी पढ़े : कोलकाता: रनवे विस्तार के लिए 136 साल पुरानी गौरीपुर जामा मस्जिद स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरूइसी दौरान अचानक कार आगे बढ़ी और सीधे बुद्धदेव को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें टोटो से चंदननगर महकमा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शैबाल साहा को हिरासत में ले लिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर चंदननगर थाने ले जाकर जांच शुरू कर दी है।
आवासीय परिसर की एक महिला निवासी ने बताया कि शैबाल साहा ने इस परिसर में वाहन पार्क करने के लिए एक गैरेज खरीदा था। शनिवार शाम करीब सात बजे वह कार लेकर वहां पहुंचे थे।
कार को गैरेज में पार्क करते समय बुद्धदेव सरकार बाहर खड़े होकर उन्हें दिशा-निर्देश दे रहे थे। तभी अचानक कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि बुद्धदेव सरकार ने ही शैबाल साहा को ड्राइविंग सिखाई थी। वह अब केवल पार्किंग का अभ्यास करा रहे थे। इसी दौरान हुई इस दुर्घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
