कोलकाता पुलिस का सख्त आदेश, ड्यूटी के दौरान ईयरफोन-हेडफोन इस्तेमाल पर लगी रोक
सभी थानों और वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी
कोलकाता। कोलकाता पुलिस ने ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के ईयरफोन और हेडफोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
आदेश का उल्लंघन करने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त अजय नंद के निर्देश पर जारी इस आदेश में कहा गया है कि ड्यूटी के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी ईयरफोन या हेडफोन का उपयोग नहीं करेगा।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार सुबह इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि हाल के दिनों में यह देखा गया था कि कुछ पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन पर वीडियो देख रहे थे या ईयरफोन लगाकर संगीत सुन रहे थे।
इससे उनकी सतर्कता प्रभावित हो रही थी और आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने की क्षमता भी कमजोर पड़ रही थी। इसी को देखते हुए यह सख्त निर्णय लिया गया है।
कोलकाता पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अनदेखी करने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही ड्यूटी के दौरान लापरवाही रोकने और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
इससे पहले कोलकाता पुलिस ने एक अन्य आदेश जारी कर विशेष इकाइयों को छोड़कर अन्य पुलिसकर्मियों के ड्यूटी के दौरान सादे कपड़ों में कार्य करने पर भी रोक लगाई थी।
राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को अधिक अनुशासित और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में पुलिस बल के आधुनिकीकरण, कार्यकुशलता बढ़ाने और अनुशासन मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हाल ही में पुलिसकर्मियों को शारीरिक फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह देते हुए अगले छह महीने से एक वर्ष के भीतर राज्य में 20 हजार नए पुलिसकर्मियों की भर्ती की योजना की भी घोषणा की थी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
