खड़गपुर: भ्रष्टाचार आरोपों पर तृणमूल नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन, घरों पर फेंके सड़े अंडे
खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सामेश्वरपुर इलाके में रविवार शाम को स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर ग्रामीणों के एक समूह ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने नेताओं के घर के सामने सड़े अंडे भी फेंके।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि तृणमूल नेता चंदन दे और पंचायत सदस्य स्वपन विश्वास सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली कर रहे थे। इसके अलावा सरकारी संपत्ति में अनियमितता और प्रभाव का गलत इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों से कथित रूप से लिए गए पैसे वापस करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इलाके की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण जनता में नाराजगी बढ़ती गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिन नेताओं पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से खबर लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
