जामुड़िया की स्टील फैक्ट्री में फर्नेस ब्लास्ट, चार श्रमिक गंभीर रूप से झुलसे
धमाके की आवाज कई गांवों तक सुनाई दी
पश्चिम बर्दवान। पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया इंडस्ट्रियल एरिया के शेखपुर स्थित कैलस्टार स्पंज लिमिटेड में शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे स्टील मेल्टिंग शॉप (एसएमएस) के फर्नेस में हुए भीषण विस्फोट से चार श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए।
धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के कई गांवों तक सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ब्लास्ट के बाद फर्नेस से निकला पिघला हुआ लोहा कारखाने परिसर में फैल गया, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। विस्फोट की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपने परिजनों की तलाश में कारखाने पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी (सेंट्रल), जामुड़िया थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। रात करीब सवा दस बजे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने और परिसर को सुरक्षित करने का अभियान शुरू किया, जबकि पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
घायल चारों श्रमिकों को पहले रानीगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है। फिलहाल किसी श्रमिक की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर फर्नेस ब्लास्ट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद कारखाना प्रबंधन और श्रमिकों में चिंता का माहौल है।
गौरतलब है कि औद्योगिक क्षेत्र में समय-समय पर फर्नेस ब्लास्ट जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। लगातार हो रही ऐसी दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन भी औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को और सख्ती से लागू करने पर विचार कर रहा है।
अधिकारियों के अनुसार इस संबंध में उच्च स्तर पर समीक्षा बैठकें भी की जा रही हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
